सोनभद्र : जिलाधिकारी ने खनन विभाग का किया औचक निरीक्षण, खामियां मिलने पर वरिष्ठ सहायक का रोका वेतन

जिलाधिकारी चन्द्र विजय सिंह ने आज जिला खनिज कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से खनन विभाग में हड़कम्प मच गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम पोर्टल पर जारी आर0सी0 की वास्तविक स्थिति को कम्प्यूटर के माध्यम से देखा जिस पर आर0सी0 के डिटेल भेजने का विवरण अधुरा पाया गया। जिसके बाद जिलाधिकारी ने सम्बन्धित पत्रावली का परीक्षण करने के निर्देश दिये और वास्तविक स्थिति की जानकारी हेतु निदेशालय से पत्राचार करने हेतु निर्देशित किया साथ ही उन्होंने कहा कि आर0टी0ओ0 और खनन विभाग आपस में समन्वय बनाकर पोर्टल से सम्बन्धित समस्याओं का ससमय निस्तारण करें, जिससे आर0सी0 से सम्बन्धित समस्याओं का ससमय निस्तारण किया जाये।इस दौरान जिलाधिकारी ने सम्मन हेतु भेजे गये पत्रावलियों का भी जायजा लिया लेकिन सम्मन हेतु भेजी गयी पत्रावलियों की स्थिति स्पष्ट न होने पर उसका डिस्पैच रजिस्टर के माध्यम से मिलान कराया। इसके बावजूद भी स्थित स्पष्ट नहीं हो सकी। जिसके बाद जिलाधिकारी ने पत्रावलियों का निस्तारण न हो जाने तक वरिष्ठ सहायक अब्दुल वारी गनी के वेतन भुगतान पर रोक लगाने हेतु जयेष्ठ खान अधिकारी को निर्देशित किया।इस दौरान जिलाधिकारी ने अवैध परिवहन के दौरान अवैध वाहन के खिलाफ की गयी कार्यवाही से सम्बन्धित रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान जयेष्ठ खान अधिकारी को निर्देशित किये कि जो भी पत्रावलियाँ अधुरी है उसे एक सप्ताह में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।